Location: पलामू
पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई अन्य नामजद और अज्ञात आरोपी अब भी फरार हैं।
घटना 23 मई की बताई जा रही है, जब जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में सकेन्द्र चौधरी (30) की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया था।
मृतक के पिता मधु सिंह के फर्दबयान पर चैनपुर थाना में कांड संख्या 124/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 17 नामजद तथा 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।
कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी गोलू सिंह उर्फ नितेश कुमार सिंह और ब्रह्मदेव सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों रामपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जा रहा है। वहीं पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।