Location: Garhwa
गढ़वा। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राशन, पेंशन, भूमि विवाद, आवास, मुआवजा, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, रोजगार, बकाया मजदूरी भुगतान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भंडरिया प्रखंड के बीजका, चपलसी, हरता तिहारी और बसंतपुर गांव के ग्रामीणों ने वर्षों से बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि पोल और तार लगाए जाने के बावजूद अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
धुरकी प्रखंड के भंडार निवासी अर्चना कुमारी ने आधार सेवा केंद्र की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आधार अपडेट में अनावश्यक विलंब, दुर्व्यवहार तथा अनधिकृत व्यक्ति द्वारा कार्य किए जाने की शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
भवनाथपुर प्रखंड के मकरी गांव की सरिता देवी ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि जनवरी 2025 के बाद से बंद होने की शिकायत दर्ज कराते हुए पुनः भुगतान कराने की मांग की। वहीं बुका गांव की शिवपतिया देवी ने पिछले 14 माह से वृद्धावस्था पेंशन बंद रहने की शिकायत करते हुए उसे पुनः चालू कराने का अनुरोध किया।
मेराल प्रखंड के बाना पंचायत अंतर्गत रामबान टोला से किताबार तक जर्जर मुख्य सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन और स्कूली बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।











