Location: चिनियां
चिनिया। चिनिया थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सखुआ की 54 पीस बेशकीमती चौपहल लकड़ियों से लदे पिकअप वाहन (यूपी 64 एटी 6312) को जब्त किया है। जब्त लकड़ियों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। वाहन मालिक छत्तीसगढ़ के उदयपुर निवासी सजल गुप्ता बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में छत्तीसगढ़ के उदयपुर क्षेत्र से लकड़ी लोड कर गढ़वा मुख्यालय की ओर ले जाया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मसरा मोड़ के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर भाग निकला।
इसके बाद चालक चिनिया कस्तूरबा गांधी विद्यालय के समीप आहर के पास भी तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में चला गया और एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। केलहाझरिया निवासी रामदेव सिंह को गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है, जिनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया गया कि हादसे के बाद भी चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागना जारी रखा। चिनिया बस स्टैंड स्थित नहर पुल के पास पिकअप ने एक टेंपो को टक्कर मार दी। इसके बाद दो मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मारने की बात सामने आई है। लगातार वाहन भगाने के कारण बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पिकअप को पकड़ लिया और इसकी सूचना तत्काल चिनिया पुलिस को दी। सूचना पर सब इंस्पेक्टर काशिद हुसैन, संतोष कुमार और ओमप्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए चालक इरफान खान और उपचालक दिलशाद राजा को हिरासत में ले लिया।
मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रभारी वनपाल उत्तम कुमार रवि ने बताया कि पिकअप में लदी लकड़ियां अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाई जा रही थीं। उन्होंने बताया कि लकड़ी तस्करी के मामले में विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान प्रभारी वनपाल उत्तम कुमार रवि, वनरक्षी गौतम सागर टोप्पो, रामबरत सिंह समेत पुलिस एवं वन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।











