Location: Garhwa
औचक निरीक्षण में असुरक्षित पनीर और 300 कैरेट एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक मिली, खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के दिए निर्देश
गढ़वा: संयुक्त सचिव, खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, रांची के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री के नेतृत्व में गढ़वा शहर के विभिन्न डिस्ट्रीब्यूटर, होलसेलर एवं रिटेलर खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण की शुरुआत चिनिया रोड स्थित रिलायंस रिटेल प्राइवेट लिमिटेड से हुई, जहां सभी खाद्य सामग्री खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुरूप पाई गई।
इसके बाद सहिजना रोड स्थित ए टू जेड (A to Z) प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। यहां से काली मिर्च का नमूना जांच के लिए लिया गया तथा संचालक को एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया।
सहिजना रोड स्थित हरिओम ट्रेडर्स के निरीक्षण में प्रतिष्ठान में भारी गंदगी और असुरक्षित पनीर पाया गया, जिसका नमूना जांच के लिए लिया गया। साथ ही संचालक खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया।
इसके बाद लक्ष्मी श्री एंटरप्राइजेज के निरीक्षण में 300 कैरेट एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बरामद हुई, जिसे तत्काल सील कर दिया गया। इस मामले में प्रतिष्ठान पर ₹20,000 का जुर्माना लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान गंगाजल इंटरप्राइजेज, पवन ट्रेडर्स, टंडवा स्थित सक्षम इंटरप्राइजेज, श्री शौर्य ए टू जेड तथा 172 बटालियन सीआरपीएफ कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन संतोषजनक पाया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने सभी व्यवसायियों को निर्देश दिया कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप ही व्यवसाय संचालित करें तथा किसी भी परिस्थिति में एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अनिरुद्ध रॉय सहित विवेक तिवारी, संतोष कुमार एवं बबलू पांडेय शामिल थे।










