Location: कांडी
कांडी (गढ़वा): बीआरसी कांडी के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मझिगावां पूर्व में 24 जुलाई को संपन्न विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चुनाव को लेकर अभिभावकों में असंतोष व्याप्त है। अध्यक्ष पद के चयन पर आपत्ति जताते हुए अभिभावकों ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को निरस्त कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पुनः चुनाव कराने की मांग की है।
इस संबंध में छात्र-छात्राओं के अभिभावक राजकुमार बैठा ने जिला शिक्षा अधीक्षक, गढ़वा के नाम आवेदन देकर उसकी प्रतिलिपि प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) कांडी को सौंपी है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन में निर्धारित नियमों की अनदेखी की गई।
आवेदन के अनुसार, एक ओर नियमों का हवाला देकर उन्हें समिति का सदस्य तक नहीं बनने दिया गया, वहीं दूसरी ओर नियमावली के क्रम संख्या-07 में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद एक ही परिवार से लगातार दूसरी बार अध्यक्ष का चयन कर दिया गया। अभिभावकों का आरोप है कि पर्यवेक्षक दुर्गेश सिंह की मौजूदगी में सुनीता देवी को अध्यक्ष चुना गया, जबकि उनके पति सुरेंद्र राम पूर्व में दो वर्षों तक विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनका कहना है कि यह चयन नियमावली के विपरीत है।
अभिभावकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए चुनाव प्रक्रिया को रद्द कर पुनः निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने की मांग की है। मांग करने वालों में वार्ड सदस्य सत्यप्रकाश चौबे सहित जितेंद्र कुमार चौबे, सुनेश रजवार, दिलीप कुमार चौबे, पवित्री देवी, विक्रमा ठाकुर, मिथिलेश कुमार, मनीष राम, विजय साह, अतुल कुमार मिश्रा, रामप्यारी ठाकुर, संजू पासवान, पिंकी देवी, लालती देवी, फूलकुमारी देवी, दिनेश प्रसाद गुप्ता, कृष्णा कुमार साह एवं रंजीत शर्मा सहित कई अभिभावकों के नाम शामिल हैं।
वहीं, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पर्यवेक्षक द्वारा सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन बैठक में उपस्थित सभी लोगों को पढ़कर सुनाई गई थी। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी अभिभावक ने किसी प्रकार का विरोध दर्ज नहीं कराया था।
इधर, कांडी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीपीओ) रविंद्र मेहता ने बताया कि अभिभावकों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आवेदन के आलोक में मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।











