Location: Manjhiaon
मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर कार्यक्रम की शुरुआत, कबड्डी में बालिका वर्ग में 8-बी और बालक वर्ग में 8-ए रहा विजेता
मझिआंव। प्रखंड क्षेत्र के ऊंचरी स्थित आरके पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय के प्राचार्य केआर झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के गौरवशाली जीवन, हॉकी के क्षेत्र में उनके योगदान और उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी नियमित रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आह्वान किया कि प्रतिदिन कम से कम एक घंटे खेल के मैदान में समय दें। खेल से शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास भी होता है तथा विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा छह, सात एवं आठ के विद्यार्थियों के लिए ‘रन फॉर इंडिया, रन फॉर स्पोर्ट्स, रन फॉर हेल्थ’ का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इसके अलावा बालक एवं बालिकाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा 8-बी की टीम विजेता रही, जबकि बालक कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा 8-ए की टीम ने विजय प्राप्त की। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने खेल भावना के साथ अपने प्रदर्शन का परिचय दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और विद्यालय में विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के पीटीआई जय गोविंद ठाकुर सहित सभी शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












