अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गढ़वा जिले में विभिन्न संगठनों द्वारा किया गया योग शिविर आयोजित

Location: गढ़वा जिला

जंगीपुर में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन, गुरु भक्ति और नाम जप पर दिया गया बल
श्री बंशीधर नगर। श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के अनुयायियों द्वारा जंगीपुर ग्राम स्थित सत्संग उपासना केंद्र उर्जीतपा में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, शंखध्वनि एवं वंदे पुरुषोत्तम ध्वनि के साथ हुआ।
सभी जीवों के कल्याण की कामना के साथ उपस्थित सत्संगियों ने सामूहिक रूप से नाम जप एवं ध्यान किया। इसके बाद श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के हस्तलिखित ग्रंथ ‘सत्यानुसरण’ एवं ‘नई नारीनीति’ का पाठ किया गया। संगीतांजलि कार्यक्रम में संगीत शिक्षक मुकेश सिंह, अखिलेश दा, अनीता देवी एवं गीता देवी ने भक्तिमूलक भजनों की प्रस्तुति दी।
इष्ट चर्चा के दौरान ऋत्विक विजय नंदन सिन्हा ने कहा कि अपने गुरु के प्रति अनुरक्ति और भक्ति से मनुष्य जीवन में सभी प्रकार की उपलब्धियां प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु की कृपा से ही जीवों का कल्याण संभव है। वहीं सत्संगी अखिलेश दा ने नवधा भक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्संग से संतों का सान्निध्य प्राप्त होता है तथा गुरु की कथा सुनने का सौभाग्य मिलता है।
सत्संगी शक्ति दास ने श्री श्री ठाकुर जी द्वारा प्रदत्त सतनाम की महिमा का वर्णन किया। याजक राजकुमार दा एवं अजय दा ने भी उपस्थित लोगों से ठाकुर जी की भावधारा पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गोविंद दा, अजय कुमार, पप्पू जायसवाल, भोला प्रसाद, हीरा प्रसाद, शंकर ठाकुर, मृत्युंजय सरकार, धृतिदीप अंबष्ठ, आदित्य कुमार, चंचला गुप्ता, माला मां, निर्मला मां, रीना देवी, प्रिया देवी, प्रभा देवी, प्रमिला देवी, वृंदा देवी सहित बड़ी संख्या में सत्संगी उपस्थित थे।
सिविल कोर्ट नगर ऊंटारी में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित
श्री बंशीधर नगर। पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में रविवार को सिविल कोर्ट नगर ऊंटारी में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीजे-1 एसके सिंह, विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक ओझा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमके शर्मा, न्यायिक दंडाधिकारी रवि भास्कर, रजिस्ट्रार शैलेन्द्र कुमार नापित एवं अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ब्रजेश चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मौके पर एडीजे-1 एसके सिंह ने कहा कि योगिक जीवन शैली मनुष्य को दीर्घायु एवं सहज जीवन प्रदान करती है। उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने में योगगुरु बाबा रामदेव के योगदान की सराहना की। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमके शर्मा ने कहा कि योग आत्मा और परमात्मा के बीच सशक्त माध्यम है, जो मन की विकृतियों का परिमार्जन करता है। विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक ओझा ने योग दिवस को अमृत दिवस बताते हुए सभी लोगों से नियमित योग करने की अपील की।
पतंजलि के जिला प्रभारी शैलेश कुमार शुक्ल ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पंकज कुमार चौबे एवं सत्येंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिविर में न्यायालय कर्मियों, अधिवक्ताओं तथा बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं वंदे मातरम् उद्घोष के साथ हुआ।
मझिआंव और बरडीहा में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
मझिआंव। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड में विभिन्न सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, थाना परिसरों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों सहित विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मझिआंव थाना, बरडीहा थाना एवं अन्य संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में थाना प्रभारी अमित कुमार, ऋषिकेश कुमार सिंह तथा पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योगाभ्यास अवश्य करना चाहिए। इससे शरीर स्वस्थ, चुस्त-दुरुस्त एवं निरोग रहता है। उन्होंने कहा कि योग से मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार के लाभ प्राप्त होते हैं।
इस अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर चंद्री, आरके पब्लिक स्कूल ऊंचरी, एलके पब्लिक स्कूल मझिआंव, अक्षर द पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न संस्थानों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में पदाधिकारियों, कर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
: हरिहरपुर हाई स्कूल में योग शिविर, विद्यार्थियों ने लिया नियमित योग का संकल्प
कांडी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को आरके एसपीडी हाई स्कूल, हरिहरपुर के मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
योग गुरु तुफानी लाल ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं जीवन संतुलित रहता है। वहीं रंजीत कुमार ने भी बच्चों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाध्यापक आदित्य गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। इसे अपनाकर व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।
कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, रंजीत कुमार, शुभम कुमार सिंह, परमानंद, किरण कुजूर, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।

आपकी राय महत्वपूर्ण है!

इस समाचार पर आपकी क्या राय है? कृपया हमारे लेख को लाइक या डिसलाइक बटन से रेट करें और अपनी प्रतिक्रिया कमेंट सेक्शन में साझा करें। आपके विचार और सुझाव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और हमें बेहतर सेवा देने में मदद करेंगे। धन्यवाद!

  • Reactions about this news

    News You may have Missed

    मटकोड़वा रस्म रोकने को लेकर दो पक्षों में विवाद, ग्रामीणों ने थाना में लगाई न्याय की गुहार

    मटकोड़वा रस्म रोकने को लेकर दो पक्षों में विवाद, ग्रामीणों ने थाना में लगाई न्याय की गुहार

    मोहर्रम के दौरान अशांति फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएसपी

    मोहर्रम के दौरान अशांति फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएसपी

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में हुए विविध कार्यक्रम, योग अपनाने का लिया संकल्प

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में हुए विविध कार्यक्रम, योग अपनाने का लिया संकल्प

    मुहर्रम पर्व को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक

    मुहर्रम पर्व को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक

    RE-NEET 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न

    RE-NEET 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न

    नीट (यूजी)-2026 परीक्षा का डीसी-एसपी ने लिया जायजा

    नीट (यूजी)-2026 परीक्षा का डीसी-एसपी ने लिया जायजा
    error: Content is protected !!