Location: सगमा
संगमा (गढ़वा)। सगमा प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक दिव्यांग दुकानदार की मौत हो गई। घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडिह ग्राम पंचायत से होकर गुजरने वाले रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोन मोड़ चौराहे के समीप अंबेडकर चौक के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलैयाडिह निवासी दशरथ राम (करीब 40 वर्ष), जो दोनों पैरों से दिव्यांग थे, अपने तीन पहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दूध्दि की ओर से आ रहे कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी अंशु देवी, जो स्वयं भी दिव्यांग हैं, अपनी दो पुत्रियों प्रियांशी कुमारी (10 वर्ष) और नंदनी कुमारी (8 वर्ष) के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पति का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक का बड़ा पुत्र जयप्रकाश (14 वर्ष) मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि दशरथ राम एक छोटी परचून दुकान चलाकर अपने परिवार, दिव्यांग पत्नी और वृद्ध मां का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर विंढमगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दूध्दि भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाने ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार को हटाकर यातायात भी सामान्य कराया गया।