Location: Garhwa
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, 14 अगस्त की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन
गढ़वा: स्वतंत्रता दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, परेड, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य ध्वजारोहण समारोह 15 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे गोविंद इंटर कॉलेज (टाउन हॉल) मैदान, गढ़वा में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उपायुक्त आवास, समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय तथा पुलिस लाइन सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी निर्धारित समयानुसार ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान कार्यक्रम संपन्न होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि 14 अगस्त 2026 की संध्या 5:00 बजे टाउन हॉल में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के बैठने, सुरक्षा, विद्युत, ध्वनि व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, शौचालय, अग्निशमन, आमंत्रण पत्र वितरण, राष्ट्रगान का पूर्वाभ्यास, प्रभात फेरी, परेड, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद जवानों के आश्रितों को सम्मानित करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, यातायात एवं नो-एंट्री व्यवस्था, परेड के नियमित पूर्वाभ्यास तथा स्कूली छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को समारोह की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं स्थानीय मीडिया के माध्यम से लाइव प्रसारण कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।











