Location: Meral

बरसात में कीचड़ और जलजमाव से जूझ रहे ग्रामीणों को मिली राहत, विधायक से अब तक नहीं मिला सहयोग
मेराल : प्रखंड क्षेत्र के हासनदाग बस्ती से टॉड टोला जाने वाली मुख्य कच्ची सड़क की हालत लगातार बारिश के कारण बद से बदतर हो गई है। कीचड़ और जल जमाव से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। ऐसे में गांव के समाजसेवी भरदुल विश्वकर्मा ने एक बार फिर अपने निजी खर्च और स्थानीय सहयोग से मोरम डालकर सड़क की मरम्मत कराई।
यह वही सड़क है जो हासनदाग मस्जिद स्थित काली करण स्थान से टॉड टोला के आंगनबाड़ी केंद्र तक जाती है, और ग्रामीणों की मुख्य आवाजाही का मार्ग है। पिछले वर्ष भी भरदुल विश्वकर्मा ने इसी सड़क की मरम्मत कराई थी, जिससे वर्षा काल में लोगों को काफी राहत मिली थी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भरदुल विश्वकर्मा ने वर्तमान विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, ताकि इस सड़क को पक्का कराया जा सके, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। विधायक की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
इस संदर्भ में जब प्रखंड विकास पदाधिकारी (वीडीओ) सतीश भगत से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे सड़क स्थल का निरीक्षण करेंगे, और जल्द ही पीसीसी सड़क निर्माण के लिए भी पहल की जाएगी।














