Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): गायत्री शक्तिपीठ, जंगीपुर में गुरु पूर्णिमा पर्व गुरुवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ भव्य रूप में मनाया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में हवन-यज्ञ, भजन-कीर्तन, प्रवचन और महाप्रसाद वितरण के कार्यक्रमों ने माहौल को पूर्णतः भक्तिमय और आध्यात्मिक बना दिया।
सुबह से ही सेंट्रल बैंक के पास स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। गायत्री मंत्रों के उच्चारण और संकल्प यज्ञ से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा”, “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” जैसे नारे गूंजते रहे और आत्म-संस्कार व समाजोत्थान का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में नामकरण, अन्नप्राशन और विद्यारंभ जैसे कई वैदिक संस्कार भी विधिपूर्वक कराए गए।
वरिष्ठ परिजन ललसु राम और उपेंद्र राम द्वारा प्रस्तुत भजनों और प्रेरणादायक गीतों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीतों के माध्यम से गुरु की महिमा, ज्ञान की शक्ति और नवयुग निर्माण का संदेश भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया।
गायत्री परिवार के प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार चौबे ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “गुरु केवल शिक्षक नहीं, बल्कि वह शक्ति हैं जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने अपने साहित्य और सेवा के माध्यम से युग निर्माण का मार्ग दिखाया है।
उन्होंने कहा कि केवल पूजा नहीं, बल्कि गुरु के बताए मूल्यों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने महाभारत और रामायण के उदाहरण देते हुए सामूहिक प्रयास से समाज निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सफलता में युवा स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। जल सेवा, मार्गदर्शन, प्रसाद वितरण व व्यवस्था के कार्यों में युवाओं ने सक्रियता से भाग लिया।
हवन और प्रवचन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूड़ी, सब्जी और हलवा वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर गुरु पूर्णिमा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में अनिल लाल अग्रवाल, डॉ. धर्मचंद लाल अग्रवाल, अखौरी ज्योतिन प्रसाद, अमर जायसवाल, चीकू अग्रवाल, शुभम जायसवाल, सुरेश विश्वकर्मा, राजेश जयसवाल, रवि प्रकाश अग्रवाल, उपेंद्र मेहता, अशोक दुबे, गोपाल जायसवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
अंत में गुरुवंदना और आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।














