Location: Garhwa
गढ़वा : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य का हालचाल लेने दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर झारखंड के कई प्रमुख राजनीतिक एवं प्रशासनिक चेहरे उपस्थित रहे।
कल्पना सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, झारखंड सरकार के मंत्री और राजद नेता संजय यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आईएएस अविनाश कुमार, अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ की मौजूदगी में शिबू सोरेन की स्थिति की जानकारी ली गई।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गढ़वा जिला अध्यक्ष सूरज सिंह ने बताया कि “शिबू सोरेन झारखंड की माटी के ऐसे लाल हैं, जिन्होंने आदिवासी समाज और राज्यहित में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। हम सब ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं।”
ज्ञात हो कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकीय देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। झारखंडवासियों समेत पूरे राज्य में उनके स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं जारी हैं।















