Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र के कदवा गांव में मंगलवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की पांच भैंसों की मौत हो गई। इस घटना में किसान को करीब ढाई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मृत भैंसों में दो गर्भवती भी थीं, जिससे परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कदवा गांव निवासी बुद्धू यादव की पांचों भैंसें घर के पास बनी झोपड़ी में बंधी हुई थीं। मंगलवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी, बारिश और बादलों की गर्जना के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से पांचों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार बुद्धू यादव एक गरीब किसान हैं और पशुपालन ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन था। एक साथ पांच भैंसों की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। मृत पशुओं की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि सत्यनारायण बैठा, सुरेंद्र यादव, बिपिन यादव और अरविंद यादव पीड़ित किसान के घर पहुंचे तथा परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित किसान को प्राकृतिक आपदा के तहत उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रकृति के इस कहर ने एक गरीब किसान की वर्षों की मेहनत पलभर में समाप्त कर दी। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर पीड़ित परिवार को राहत देने की अपील की।










