Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री और मजदूर नेता चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का गुरुवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे और पिछले 25 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से कांडी प्रखंड सहित पूरे गढ़वा जिले में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर रांची लाया जाएगा। वहां से उनके पैतृक गांव कांडी थाना क्षेत्र के चौका में अंतिम दर्शन के लिए शव को रखा जाएगा
जानकारी के मुताबिक, ददई दुबे 8 जून को केदारनाथ दर्शन के लिए गए थे, जहां ठंड लगने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। पहले से ही कई बीमारियों से पीड़ित होने के कारण उनकी स्थिति और गंभीर हो गई थी, और अंततः इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने मुखिया पद से की थी। वे चार बार विधायक, एक बार सांसद और दो बार बिहार सरकार में मंत्री भी रहे। उनकी छवि एक संघर्षशील और जमीनी नेता के रूप में रही।
उनके निधन की खबर सुनते ही किशन राज पब्लिक हाई स्कूल बलियारी और सोनभद्र आदर्श इंटर महाविद्यालय कांडी में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।














