Location: Ramana
रमना प्रतिनिधि। रमना प्रखंड के रोहिला निवासी पर्यावरण प्रेमी विकास पाठक अपने हरित अभियान से पूरे क्षेत्र में मिसाल बन गए हैं। पर्यावरण संरक्षण को समर्पित उनके प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण परिवार गढ़वा की टीम ने गुरुवार को उनके प्लांटेशन स्थल का निरीक्षण किया।
पिछले पांच वर्षों में विकास पाठक ने करीब 12 एकड़ भूमि पर 10 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया है। इनमें चंदन, सखुआ, सागवान, शीशम, आम, अमरूद और ब्लैक वुड जैसे आर्थिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्ष शामिल हैं। उनके इस उल्लेखनीय कार्य को पूर्व में दैनिक जागरण में भी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
वन एवं पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए पर्यावरण परिवार गढ़वा की ओर से विकास पाठक को “पर्यावरण रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सार्वभौम शाक्य द्विपीय ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष विनोद पाठक और पूर्व अध्यक्ष किशन पाठक ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया, जबकि मनोज शुक्ला और शैलेश तिवारी ने उन्हें टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर पर्यावरण परिवार के संयोजक नितिन तिवारी, संस्थापक सदस्य मनोज शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार विनोद पाठक, बृजेश मिश्रा, शैलेश तिवारी, मनोज दुबे, अनु दुबे, गौतम ऋषि, सुरेश मानस, एसएन पाठक, नंदू पाठक, आशीष वैद्य, आणिमेश चौबे, अखिलेश पांडे, देवकांत पाठक, ललन शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
वक्ताओं ने कहा कि विकास पाठक का यह हरित अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण को जन आंदोलन के रूप में अपनाने और हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने की अपील की।











