Location: Manjhiaon
मझिआंव। शुक्रवार की रात हुई भारी बारिश के बाद प्रखंड क्षेत्र के हाई स्कूल मोरबे का परिसर जलमग्न हो गया। स्कूल परिसर में करीब दो फीट तक पानी भर गया, जबकि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई कक्षाओं और कार्यालय में भी पानी घुस गया। स्थिति को देखते हुए शनिवार को विद्यालय में बच्चों की छुट्टी करनी पड़ी। इससे विद्यालय में पढ़ाई बाधित हो गई है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक हरेंद्र कुमार रवि ने बताया कि शुक्रवार की रात हुई तेज बारिश के बाद स्कूल परिसर तालाब में तब्दील हो गया। पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण क्लास रूम और कार्यालय में पानी प्रवेश कर गया है। इससे फर्नीचर, किताब-कॉपी और अन्य शैक्षणिक सामग्री के भीगने का खतरा बना हुआ है।
छात्रों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष बारिश के मौसम में विद्यालय परिसर में इसी तरह पानी भर जाता है। जलजमाव के कारण सांप-बिच्छू निकलने का खतरा भी बना रहता है। अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय परिसर की ऊंचाई बढ़ाने के साथ पानी निकासी के लिए नाली निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं की गई तो आने वाले कई दिनों तक बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
बारिश में कच्चा मकान ढहा, आवास की दूसरी किस्त का इंतजार
इधर, शुक्रवार की रात हुई भारी बारिश में मोरबे गांव के टोला मिसिर बिगहा निवासी अनिता देवी, पति अवधेश प्रजापति का कच्चा मकान भी ढह गया। बताया गया कि अनिता देवी को वर्ष 2025 में मझिआंव प्रखंड से अंबुजा आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। उन्हें अब तक केवल पहली किस्त की राशि मिली है।
लाभुक ने पहली किस्त से आवास का पिलिंथ तैयार कर लिया है और दूसरी किस्त की राशि मिलने का इंतजार कर रही है। अनिता देवी के अनुसार आवास निर्माण की उम्मीद में उन्होंने अपना पुराना कच्चा मकान भी तोड़ दिया था। इसी बीच भारी बारिश में बचा हुआ हिस्सा भी ढह गया, जिससे परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।
अनिता देवी ने बताया कि फिलहाल परिवार के पास सुरक्षित रहने का उचित ठिकाना नहीं है। क्षतिग्रस्त मकान के कारण कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब आवास की दूसरी किस्त की राशि उपलब्ध कराने और परिवार को सुरक्षित आवास मुहैया कराने की मांग की है।











