Location: Bhavnathpur
गढ़वा, 24 जुलाई। गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सिंधिताली निवासी आर्यन चौबे (पिता– कल्पनाथ चौबे), धनगरडीहा मकरी निवासी प्रभात सिंह उर्फ पप्पू सिंह (पिता– छतरी सिंह) तथा रोहित सिंह (पिता– इंद्र देव सिंह) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्यन चौबे एचपी पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक प्रतिष्ठान में कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। वहीं प्रभात सिंह और रोहित सिंह एक ही बाइक पर सवार होकर भवनाथपुर से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और तत्काल इसकी सूचना भवनाथपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनी रंजन एवं एएसआई आशुतोष सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।











