Location: पलामू
मेदिनीनगर : शहर शनिवार को भगवान जगन्नाथ की भक्ति में डूबा रहा। शहर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन स्थित इस्कॉन मंदिर से भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। श्रद्धालुओं ने तीनों देवताओं के रथों को खींचते हुए पूरे शहर का भ्रमण कराया। इस दौरान हर गली और चौक-चौराहे भक्ति संगीत, हरिनाम संकीर्तन और जयघोषों से गूंज उठे।
इसी प्रकार, शहर के कोयल नदी तट पर स्थित ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर से भी सदियों पुरानी परंपरा के तहत रथ यात्रा निकाली गई। इस मंदिर से पिछले 100 वर्षों से यह रथ यात्रा निकलती आ रही है। इस बार भी परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ रथ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
हिंदू मान्यताओं के अनुसार सतयुग से चली आ रही यह रथ यात्रा देश ही नहीं, विदेशों में भी बड़े हर्षोल्लास से मनाई जाती है। मेदिनीनगर में इस धार्मिक उत्सव ने जन-जन को भक्ति में सराबोर कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन मुस्तैद दिखा। मौके पर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, टिओपी-3 प्रभारी अजय कुमार गुप्ता, ट्रैफिक प्रभारी समाल अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।














