Location: Manjhiaon
मझिआंव : बरडीहा प्रखंड के बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय ने प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखियाओं को निर्देश जारी करते हुए कहा कि लगातार दो दिनों से हुई भारी बारिश के कारण जिन लोगों के घर ध्वस्त हो गए हैं, उनकी सूची तैयार कर प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार आवेदन के साथ घर के क्षतिग्रस्त होने का फोटो, मकान से संबंधित खाता-प्लॉट का कागजात, आधार कार्ड और बैंक खाता विवरण संलग्न करें। आवेदन अंचल पदाधिकारी के नाम पर होना चाहिए।
बीडीओ ने कहा कि जिनका घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है, उन्हें पूर्ण नुकसान का मुआवजा दिलवाया जाएगा। ऐसे मामलों में आपदा प्रबंधन विभाग से मुआवजा की अनुशंसा की जाएगी।
सभी मुखियाओं को सख्त निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों का स्वयं निरीक्षण करें और लाभुक के साथ फोटो खींचकर संबंधित दस्तावेजों के साथ अंचल कार्यालय भेजें।














