Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा और अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने बंशीधर नगर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई दुकानों और कारखानों में छापेमारी की। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेंब्रम और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दो मिठाई कारखानों को अगले आदेश तक सील कर दिया गया।
जांच के दौरान पूरनानगर स्थित शिवम् स्वीट्स के कारखाने में 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला और 10 किलो परवल मिठाई मिली। परवल मिठाई में अधिक मात्रा में हरे रंग का इस्तेमाल पाया गया। दोनों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। कारखाने में साफ-सफाई की कमी भी मिली। टीम ने यहां से खोआ के दो सैंपल जांच के लिए लिए। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा नगर पंचायत की टीम ने कारखाने को अगले आदेश तक सील कर दिया।
इसी प्रकार न्यू शिवम् स्वीट्स के कारखाने में भी भारी गंदगी और जलजमाव पाया गया। यहां से 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया और छेना का सैंपल जांच के लिए लिया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और कारखाने को सील कर दिया गया।
टीम ने पूरनानगर स्थित खप्पर बाबा स्वीट्स के कारखाने का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्था मानकों के अनुरूप पाई गई। यहां से रसगुल्ला और परवल मिठाई के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
इसके अलावा मुख्य सड़क स्थित संतोष स्वीट्स, सुमित स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स और श्री लक्ष्मी हरी स्वीट्स समेत अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिवम् स्वीट्स में मिठाई का सिरा साफ करने के लिए औद्योगिक उपयोग वाला हाइड्रा पाए जाने पर उसे तत्काल जब्त कर लिया गया।
हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट में खराब पनीर मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। संचालक को खाद्य सामग्री में किसी भी प्रकार के रंग का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेंब्रम ने सभी खाद्य कारोबारियों को बिना खाद्य लाइसेंस के कारोबार नहीं करने और लाइसेंस को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने, मिठाइयों को ढककर रखने और खाद्य सामग्री में गुणवत्तापूर्ण पदार्थों का ही इस्तेमाल करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन के मद्देनजर मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाया गया है। विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार, नगर पंचायत के टैक्स इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, मंजीत कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे।











