Location: पलामू
ईवीएम वेयरहाउस का डीसी ने किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मेदिनीनगर (पलामू): उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस का भौतिक सत्यापन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन प्रणाली, बैलेट यूनिट हॉल, कमरों की सीलिंग, डबल लॉक व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी : जिला निर्वाचन पदाधिकारी
मेदिनीनगर (पलामू): जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। जिले में अब तक 99.9 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण तथा 78.25 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है।
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से 22 जुलाई को आयोजित बीएलओ एवं बीएलए-2 की तीसरी एवं अंतिम बैठक तथा चुनाव पाठशाला में अपने प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी की समीक्षा बैठक, डिजिटल सेवाओं को और प्रभावी बनाने का निर्देश
मेदिनीनगर (पलामू): उपायुक्त सह अध्यक्ष जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न डिजिटल सेवाओं एवं ई-गवर्नेंस परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा में बताया गया कि जिले में 2,261 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पंजीकृत हैं, जिनमें 1,992 सक्रिय हैं। पंचायत भवनों में 265 सक्रिय सीएससी के माध्यम से ग्रामीणों को डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उपायुक्त ने झारसेवा पोर्टल के माध्यम से लंबित प्रमाणपत्रों एवं विवाह निबंधन आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पिपरा एवं उंटारी रोड प्रखंड में बाधित झारनेट सेवा को शीघ्र बहाल करने तथा नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय में आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (AEBAS) डिवाइस स्थापित करने का निर्देश भी दिया।
सड़क दुर्घटनाओं पर डीसी ने जताई चिंता, ब्लैक स्पॉट के लिए अलग कार्ययोजना बनाने का निर्देश
मेदिनीनगर (पलामू): जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही जनहानि पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर उनके लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जनवरी से जून 2026 के बीच जिले में 193 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 143 लोगों की मृत्यु तथा 126 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उपायुक्त ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग एवं ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान गुड सेमेरिटन योजना के तहत सूर्य देव चौधरी एवं मयंक कुमार को सम्मानित भी किया गया।
पुलिस लाइन में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पुलिसकर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह
मेदिनीनगर (पलामू): पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर मेदांता अस्पताल, रांची के सहयोग से पुलिस लाइन परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों का रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की तथा तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने शिविर का लाभ उठाया। अधिकारियों ने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।











