Location: Manjhiaon
मझिआंव
नगर पंचायत सभागार में बुधवार को दूसरी बार बोर्ड की बैठक अध्यक्ष सुमित्रा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह भी उपस्थित रहे। शुरुआत में सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों ने विधायक से परिचय प्राप्त किया।
बैठक में नगर पंचायत के सभी 12 वार्डों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, नाली, चापानल, जलमीनार सहित अन्य विकास कार्यों में तेजी लाने का प्रस्ताव रखा।
पेयजल समस्या पर विशेष चर्चा
गर्मी को देखते हुए बैठक में पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुख रूप से छाया रहा। इस पर कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि सभी आवश्यक योजनाओं के लिए विभाग को करीब 6 करोड़ रुपये की राशि आवंटन हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। राशि स्वीकृत होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
टैंकर से पानी आपूर्ति का प्रस्ताव
भीषण गर्मी को देखते हुए तत्काल राहत के तौर पर नगर पंचायत क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति कराने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया।
विकास कार्यों में सहयोग का आश्वासन
विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि नगर पंचायत के विकास कार्यों में उनका पूरा सहयोग रहेगा और आवश्यक योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद की जाएगी।
बैठक में शामिल लोग
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार, सिटी मैनेजर राकेश पाठक, जितेश कुमार, प्रधान सहायक अनुप तिवारी, नाजिर अमित पाठक, राकेश सिन्हा सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।











