Location: Manjhiaon
मझिआंव। प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के बोदरा पंचायत स्थित पुराने पंचायत सचिवालय के समीप पीएचईडी विभाग की ओर से लगाया गया जल मीनार करीब दो माह से खराब पड़ा है। इसके कारण पंचायत सचिवालय के आसपास रहने वाले दर्जनों ग्रामीणों के समक्ष पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
पंचायत के वार्ड नंबर पांच के वार्ड सदस्य राजेश्वर सिंह सहित ग्रामीणों ने बताया कि जल मीनार खराब होने की लिखित सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी कनक को दी गई है। इसके अलावा स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह से भी जल मीनार की मरम्मत कराने की गुहार लगाई गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत सचिवालय के पास स्थित जल मीनार जून माह से ही खराब है। जल मीनार चालू रहने के दौरान ग्रामीणों को पेयजल के साथ-साथ अन्य घरेलू कार्यों में भी सुविधा मिलती थी। अब महिलाओं और बच्चों को दूर स्थित चापाकल से पानी लाना पड़ रहा है। बारिश और गर्मी के मौसम में दूर से पानी ढोना ग्रामीणों के लिए काफी परेशानी का कारण बन गया है।
इस संबंध में पंचायत सचिव महावीर प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्रखंड कार्यालय में प्राप्त हुआ है। बीडीओ द्वारा पीएचईडी विभाग को पत्र भेजकर जल मीनार खराब होने की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि उक्त जल मीनार पीएचईडी विभाग का है और उसकी मरम्मत के लिए पंचायत के पास कोई फंड उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों से जल मीनार की जल्द मरम्मत कराकर पेयजल संकट दूर कराने की मांग की है। मांग करने वालों में वार्ड सदस्य राजेश्वर सिंह के अलावा कामेश्वर सिंह, जुगल किशोर सिंह, जमुना सिंह, मेदनी सिंह, लल्लू सिंह, अरुण सिंह, कमलेश सिंह, राहुल कुमार, राजकुमार चौधरी, राज किशोर चंद्रवंशी, सितारा नंद किशोर सिंह, संजय सिंह, अजीत कुमार सिंह, सूरज सिंह, संजय राम सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं।












