Location: Meral
मेराल : लातदाग गांव स्थित डी.ए.वी. लीलावचन पब्लिक स्कूल के परिसर में बुधवार को 200 पौधों का सामूहिक रूप से रोपण किया गया। इस कार्यक्रम में बरगद, पीपल, पाकड़, महोगनी, लालचंदन, उजला चंदन, गोल्ड मोहर जैसे विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
विद्यालय के निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा ने स्वयं पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, “पेड़ हमारे जीवन के लिए अनमोल हैं। ये न केवल शुद्ध वायु देते हैं, बल्कि जलवायु को नियंत्रित करने, मिट्टी की रक्षा और वन्यजीवों को आश्रय देने में भी मदद करते हैं।”
इस विशेष अवसर पर विद्यालय में एक नई परंपरा की शुरुआत भी की गई, जिसके तहत हर छात्र-छात्रा ने अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाया। इस पहल ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष पारसनाथ विश्वकर्मा, शिक्षक-शिक्षिकाएं शमा परवीन, रिजवान अंसारी, सुफिया नाहिद, नागेंद्र प्रसाद ठाकुर, अनिता कुमारी, बसंत यादव, कर्मचारी बलराम शाह, कौशल कुमार, अंकित कुमार सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।














