Location: Garhwa
गढ़वा: डीएवी मॉडल स्कूल के प्रांगण में सोमवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व निदेशक सुशील केसरी एवं शिक्षक वीरेंद्र कुमार ने किया।
इस अवसर पर छात्रों कनक कुमारी, ग्रेसी केसरी, रिया कुमारी, पीहू कुमारी, वैष्णवी कुमारी, विष्णु कुमार, अर्जुन कुमार प्रजापति, मयंक कुमार आदि ने आम, नींबू, आंवला और फूलों के पौधे रोपे। आसमान में छाए बादलों और रिमझिम फुहारों के बीच पौधरोपण का यह दृश्य बेहद प्रेरणादायक रहा।
निदेशक सुशील केसरी ने बताया कि यह समय वृक्षारोपण के लिए सर्वोत्तम है। वर्षा ऋतु में लगाए गए पौधों के जीवित रहने और बढ़ने की संभावना अधिक होती है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण अति आवश्यक है, इसलिए विद्यालय द्वारा हर वर्ष फलदार और औषधीय पौधे लगाए जाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि डीएवी मॉडल स्कूल में पूर्व में लगाए गए कई पौधे आज वृक्ष बन चुके हैं, जो फल-फूल दे रहे हैं और पर्यावरण को संजीवनी प्रदान कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन का यह सतत प्रयास न सिर्फ हरियाली बढ़ाने में सहायक है, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित कर रहा है।















