Location: Garhwa
गढ़वा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, सरकारी योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन एवं बकाया मजदूरी भुगतान सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
उपायुक्त ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के दौरान मेराल प्रखंड के संगबरिया निवासी संजय कुमार ने गांव के एक व्यक्ति पर आम रास्ते की भूमि पर अतिक्रमण कर भवन निर्माण कराने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि अंचल स्तर पर जांच के बाद निर्माण कार्य रोकने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी है। उपायुक्त ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
सदर प्रखंड के कल्याणपुर निवासी जुबैर अंसारी ने नामांतरण से संबंधित आवेदन देते हुए बताया कि भूमि सुधार उप समाहर्ता द्वारा आदेश दिए जाने के बावजूद अंचल कार्यालय में अब तक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने अपने भूमि के नामांतरण की मांग की।
चिनिया प्रखंड के सीदे गांव के ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन देकर आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के चयन के लिए ग्रामसभा आयोजित कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि आदिम जनजाति बहुल इस गांव में सेविका-सहायिका का चयन नहीं होने से गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पोषण संबंधी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
वहीं मेराल प्रखंड के दुलदुलवा निवासी रामाधार साह ने सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अब तक नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि चिरौंजिया-पचपड़वा सड़क निर्माण परियोजना में उनकी भूमि अधिग्रहित की गई थी, लेकिन अब तक न तो नोटिस मिला और न ही मुआवजा राशि का भुगतान हुआ।
इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ सभी शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।











