Location: Garhwa
गढ़वा जिले के बूढ़ा पहाड़ एवं टेहरी पंचायत अंतर्गत गांवों के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी कवायद तेज कर दी है। समाहरणालय सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में क्षेत्र के विकास के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।
बैठक में पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की गहन समीक्षा करते हुए कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाएं समय पर पूरी हो सकें।
मंत्री ने विशेष रूप से दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय तक उग्रवाद से प्रभावित रहा बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है और यहां के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता है।
सड़क निर्माण को लेकर मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए कहा कि बेहतर सड़क सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा क्षेत्र की मुख्य आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ क्षेत्र से जुड़ी तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए उन्होंने स्वयं समन्वय स्थापित कर आवश्यक एनओसी प्राप्त करने का आश्वासन दिया। साथ ही 2–3 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अहम फैसले लिए गए। हेसारपुर में उच्च विद्यालय खोलने तथा कुल्ही पंचायत में हेल्थ सब-सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंत्री ने स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर देते हुए बकरी पालन, गाय पालन, दुग्ध और अंडा उत्पादन जैसे व्यवसायों को प्रोत्साहित करने की बात कही।
बैठक में पेयजल और बिजली व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए नल-जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और बिजली आपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत पेटी लगाने का निर्देश भी दिया गया।
मंत्री ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को जनता से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। मंत्री ने सभी अधिकारियों को एकजुट होकर बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र को विकास का एक मॉडल बनाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया।











