Location: Garhwa

गढ़वा: प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने आज गढ़वा स्थित जिला निबंधन (रजिस्ट्री) कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, राजस्व संग्रहण और आम जनता को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की। आयुक्त ने राजस्व संग्रहण की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए लक्ष्य के अनुरूप इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निबंधन कार्यालय सरकार के राजस्व का एक महत्वपूर्ण स्रोत है, इसलिए राजस्व संग्रह को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना सुनिश्चित किया जाए। दस्तावेज निबंधन (डीड रजिस्ट्री) और शुल्क संग्रह की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की राजस्व क्षति नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने अस्वीकृत डीड, विवाह निबंधन (मैरिज रजिस्ट्रेशन), भूमि एवं संपत्ति निबंधन, लंबित मामलों, ऑनलाइन एंट्री और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी निबंधन कार्यों को समय सीमा के भीतर निष्पादित करने, ऑनलाइन प्रणाली को और मजबूत करने तथा दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन एवं सुरक्षित संधारण पर जोर दिया।
आयुक्त ने आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने और कार्यालय परिसर में दलालों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही संपत्ति के सही मूल्यांकन के आधार पर निबंधन करने और स्टाम्प शुल्क का सही संग्रह सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने और जनता को पारदर्शी एवं सरल सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
कार्यालय के पुराने भवन में संचालन के संबंध में जानकारी दी गई कि नए भवन में शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
निरीक्षण के दौरान अवर निबंधन पदाधिकारी रविश राज सिंह उपस्थित रहे।
इससे पूर्व, आयुक्त के गढ़वा आगमन पर स्थानीय सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम एवं नजारत उप समाहर्ता धीरज प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। आयुक्त ने अनुमंडल कार्यालय का भी भ्रमण किया, जहां सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने उनका स्वागत किया।











