Location: Garhwa
गढ़वा (प्रतिनिधि): उपायुक्त गढ़वा के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों को देखते हुए बुधवार (25 मार्च 2026) को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री के नेतृत्व में मेन रोड, बस स्टैंड सहित अन्य क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में मनीष प्लास्टिक, परमपुरी प्लास्टिक, विजय स्वीट्स, न्यू बनारसी स्वीट्स, संजय होटल एंड स्वीट्स तथा अशोक होटल सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान मनीष प्लास्टिक के गोदाम से बिहार के औरंगाबाद से लाई गई करीब 150 किलो मिलावटी रसगुल्ला, बर्फी एवं अन्य मिठाइयां बरामद की गईं। खाद्य सुरक्षा टीम ने इनका नमूना संग्रहित कर शेष सामग्री को नष्ट कर दिया।
जांच के दौरान मेन रोड स्थित विजय स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार किया जा रहा था, जिसके कारण दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
इसके अलावा बस स्टैंड स्थित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण कर नमूना संग्रह किया गया। सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की मिलावटी मिठाइयों की बिक्री न करें। उल्लंघन करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा कार्यालय के संतोष कुमार, विवेक तिवारी सहित पुलिस प्रशासन के जवान भी शामिल रहे।











