Location: Shree banshidhar nagar

बंशीधर नगर
आगामी 10 नवंबर से 26 नवंबर तक चलाए जाने वाले कुष्ठ रोग खोज अभियान (प्रथम चक्र) को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रखंड संसाधन केंद्र, बंशीधर नगर में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों से चयनित एक पुरुष एवं एक महिला शिक्षक को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. भारत भूषण एवं अभिषेक कुमार सिंह ने शिक्षकों को कुष्ठ रोग से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं राजेश कुमार ने कुष्ठ रोग के मुख्य लक्षणों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि शरीर के चमड़े पर हल्के या तांबे रंग के दाग का सूनापन, आई ब्रो का झड़ना, नाक का धंस जाना, हथेली या तलवे में सूनापन, उंगलियों का टेढ़ा होना, तंत्रिका तंत्र का मोटा होना, आंख की पलक का न झपकना और हाथ-पैर में कमजोरी महसूस होना — ये सभी कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षण हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे लक्षण वाले संभावित मरीजों की जांच 17 नवंबर 2025 को ट्रॉमा सेंटर, नगर ऊंटरी में की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लिपिक बिपेश राज तमांग, संजय कुमार सिंह, अखिलेश प्रसाद, उदय कुमार, अनूप कुमार विश्वकर्मा, चंपा शाह, प्रीति कुमारी, अर्चना तिवारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।











