Location: सगमा
सगमा
अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धुरकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक टीपर और एक महिंद्रा ट्रैक्टर को जब्त किया है। दोनों वाहनों पर अवैध रूप से बालू परिवहन करने का आरोप है।
इस संबंध में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि पुलिस गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि कनहर नदी से अवैध रूप से बालू उत्खनन कर एक टीपर एवं एक ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को रोककर जांच की और बालू लदे वाहनों को जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त वाहनों के संबंध में अग्रेतर कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचना दे दी गई है। विभागीय जांच एवं नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।