Location: Meral
मेराल। थाना क्षेत्र के मेराल पूर्वी पंचायत अंतर्गत पूर्वबारा टोला निवासी 17 वर्षीय विशाल कुमार के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने इस संबंध में मेराल थाना में गुमशुदगी की सनहा दर्ज कराई है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार पूर्वबारा टोला निवासी संतोष कुमार महतो का पुत्र विशाल कुमार बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
परिजनों ने बताया कि इसके बाद आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों तथा परिचितों के यहां उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। किशोर के अचानक लापता हो जाने से परिवार के लोग काफी परेशान हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विशाल कुमार की मां ललिता देवी ने मेराल थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र की गुमशुदगी की सनहा दर्ज कराई है तथा पुलिस प्रशासन से उसकी शीघ्र खोजबीन करने की गुहार लगाई है।
परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को विशाल कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 7857841808 अथवा 8292601721 पर सूचना दें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके।
पुलिस मामले की जांच करते हुए किशोर की तलाश में जुट गई है।