
गढ़वा ,CBSE नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत BSKD पब्लिक स्कूल में पोषण सप्ताह के मौके पर एक विशेष चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने रंगों के ज़रिए संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली चित्र प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में हरी सब्ज़ियों, ताजे फलों, दूध व अन्य पौष्टिक आहार की अहमियत को चित्रों में खूबसूरती से दर्शाया गया। साथ ही साफ-सफाई, योग, व्यायाम और स्वच्छ जीवनशैली के पहलुओं को भी बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति से उकेरा। हर एक चित्र में बच्चों की सोच, समझ और सामाजिक चेतना की झलक दिखाई दी।
विद्यालय के निदेशक श्री संजय सोनी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “बच्चों की रचनात्मकता न केवल कला के रूप में, बल्कि समाज को जागरूक करने के एक सशक्त माध्यम के रूप में उभर रही है। ऐसे आयोजन बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।”
अभिभावकों व विद्यालय परिवार ने भी विद्यार्थियों की रचनात्मक पहल की सराहना की और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की बात कही।
















