Location: Garhwa
गढ़वा – सेवा, समर्पण और सहयोग की मिसाल बन चुका अग्रवाल परिवार गढ़वा द्वारा संकट मोचन मंदिर रंका मोड़ के समीप 74वें सप्ताह भी खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी को खिचड़ी का भोग अर्पित कर की गई, इसके बाद सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच प्रेमपूर्वक भोजन वितरित किया गया।
यह साप्ताहिक सेवा कार्यक्रम हर शनिवार निःस्वार्थ भाव से संचालित किया जा रहा है, जो सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं का जीता-जागता उदाहरण बन चुका है। कार्यक्रम में संतोष अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, अथर्व अग्रवाल, विनय कश्यप, चंद्र प्रकाश अग्रवाल और हर्ष अग्रवाल समेत पूरे अग्रवाल परिवार की सराहनीय भागीदारी रही।
स्थानीय लोगों और लाभान्वित परिवारों ने अग्रवाल परिवार की इस पहल की खुले दिल से सराहना करते हुए कहा कि यह सेवा कार्य वास्तव में प्रेरणादायक है। यह आयोजन न केवल भूखों के लिए भोजन का माध्यम है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और मानवता के पुनर्स्थापन का संदेश भी देता है।
इस निरंतर सेवा ने यह साबित कर दिया है कि जब संकल्प नेक हो और नीयत साफ हो, तो समाज में परिवर्तन की लहर अवश्य आती है। अग्रवाल परिवार की यह सेवा यात्रा जनकल्याण के पथ पर अनुकरणीय बन चुकी है।














