Location: Bhavnathpur
वज्रपात से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
भवनाथपुर। केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव में मंगलवार को वज्रपात से पिंटू साह (पिता- नरेश साह) की मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन आनन-फानन में उन्हें भवनाथपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पिंटू अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर तीनों खेत के पास बनी झोपड़ी में आश्रय ले लिए। अचानक आसमानी बिजली गिरने से पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी और बच्चा सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना स्थानीय थाना को दे दी गई है। इधर, सीएचसी परिसर में स्वजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।











