Location: Ranka
रंका (गढ़वा) के पश्चिमी वन क्षेत्र स्थित दुधवल पंचायत के बाहोकुदर गांव में सोमवार सुबह हाथियों के झुंड के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुन्ना सिंह (32 वर्ष), पिता तपेश्वर सिंह, निवासी बाहोकुदर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5 बजे मुन्ना सिंह गांव के पास एक तालाब के किनारे खड़े थे। इसी दौरान लगभग 10 हाथियों का झुंड वहां पहुंच गया। हाथियों को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन वे झुंड की चपेट में आ गए। एक हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीण उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। हाथियों के झुंड फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और लोगों की जान को भी खतरा हो रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि विभाग द्वारा हाथियों को नियंत्रित करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए मृतक के परिवार को मुआवजा देने और क्षेत्र में हाथियों के खतरे से निपटने के लिए ठोस उपाय करने की मांग की है।
घटना के बाद पंचायत के मुखिया मोहम्मद इजहार अंसारी और वन विभाग के वनपाल द्वारा मृतक के आश्रितों को 50 हजार रुपये की सहायता दी गई। मुखिया ने बताया कि विभाग द्वारा निर्धारित मुआवजा जल्द दिलाया जाएगा।











