Location: सगमा
धुरकी प्रखंड कार्यालय में छात्रों का हंगामा, बीडीओ ने जांच के दिए निर्देश; दोषियों पर होगी कार्रवाई
सगमा/धुरकी (गढ़वा):
धुरकी प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को साइकिल वितरण के दौरान टाटीदीरी उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने पर हंगामा हो गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि साइकिल दिलाने के नाम पर विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रत्येक छात्र-छात्रा से 50 रुपये तक लिए गए। मामला सामने आते ही मौजूद छात्रों ने एक स्वर में पैसे लिए जाने की बात कही।
छात्र-छात्राओं के विरोध के कारण कुछ देर तक प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही बीडीओ अनुरंजन झा मौके पर पहुंचे और छात्रों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने टाटीदीरी उच्च विद्यालय के शिक्षक प्रमोद कुमार और पंकज भारती को तलब कर पूछताछ की।
बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद छात्रों से लिए गए पैसे वापस करा दिए गए। बीडीओ अनुरंजन झा ने कहा कि सरकारी योजनाओं के नाम पर बच्चों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली गंभीर मामला है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी शिक्षक या कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक पारसनाथ यादव ने कहा कि विद्यालय स्तर पर किसी भी छात्र से कोई पैसा नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय पहुंचने के बाद यदि किसी ने पैसे लिए हैं, तो इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।











