
Location: कांडी

कांडी (प्रतिनिधि): प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में 25वां मानस महायज्ञ सह रजत जयंती समारोह गहरे शोक के वातावरण में शुरू हुआ। 13 फरवरी 2025 को झरना घाटी में सादगीपूर्ण ढंग से कलश यात्रा निकाली गई। यज्ञाचार्य पं. श्यामबिहारी वैद्य के नेतृत्व में याज्ञिक पुरोहितों की टोली ने झरना घाटी में कलशों का अभिमंत्रण किया।
मुख्य यजमान कृष्णा शर्मा व धर्मपत्नी सुशीला देवी, अमरेश चंद्र व उनकी धर्मपत्नी पूनम देवी ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर कलश स्थापित किए। हजारों श्रद्धालुओं ने भी परंपरा अनुसार झरना तीर्थ की परिक्रमा की।
कार्यक्रम में मां सतबहिनी झरना तीर्थ विकास समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश प्रसाद सिंह, संत हरिदास जी, पं. मुरलीधर मिश्र, मोरबे मुखिया प्रतिनिधि ललन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष रंजन के आकस्मिक निधन के कारण इस बार आयोजन में सादगी रही। रथ यात्रा, बाजा-गाजा और अन्य भव्य कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया। आयोजन समिति ने श्रद्धांजलि स्वरूप यज्ञ का संचालन किया।