सगमा(गढ़वा)। प्रतिनिधि। प्रखंड की सगमा पंचायत में आंगनबाड़ी भवन के समीप लगा ट्रांसफार्मर करीब 20 दिनों से खराब पड़ा है। इसके कारण आसपास के ग्रामीण लगातार बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना विभागीय अधिकारियों को कई बार दी गई है। समस्या के समाधान को लेकर लिखित आवेदन भी दिया गया, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद विभाग समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं घरेलू कामकाज के साथ-साथ अन्य जरूरी कार्यों में भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब ट्रांसफार्मर को समय पर बदलने का प्रावधान होने के बावजूद सगमा में यह व्यवस्था धरातल पर बेअसर साबित हो रही है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
मौके पर राजेश कुमार यादव, किराणी पासवान, विजय पासवान, लालबहादुर यादव, सुरेंद्र यादव, रविरंजन यादव, देवचंद यादव, रामप्रवेश यादव, अजय पासवान, घूरन यादव, राजू यादव, चंदेश यादव, अमित यादव, चंद्रदेव पासवान, रघुनाथ पासवान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।












