Location: सगमा
सगमा, गढ़वा: सगमा स्थित भैया रूद्र प्रताप देव उच्च विद्यालय में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत के नेतृत्व में कक्षा आठ से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों को साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, मद्यनिषेध, डायन-भूत प्रथा, दहेज प्रथा अधिनियम, नशा मुक्ति सहित सरकार द्वारा प्रदत्त आपातकालीन नंबरों जैसे 112 (सुरक्षा सहायता) और 193 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और नशा मुक्ति के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। साथ ही, बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने दहेज प्रथा अधिनियम और डायन-भूत प्रथा अधिनियम की जानकारी दी।
जनार्दन राऊत ने उपस्थित छात्रों से अपील की कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना अपराध है। किसी भी आकस्मिक स्थिति में 112 डायल कर पुलिस की सहायता ली जा सकती है। इसके अलावा, साइबर फ्रॉड या ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार होने पर तुरंत 193 डायल कर मदद प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को सामाजिक रूप से जागरूक बनाना और अनजाने में होने वाले अपराधों को रोकना है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान अध्यापक हेमंत प्रसाद यादव और अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित थे।