Location: Garhwa
गढ़वा : मैट्रिक परीक्षा को विद्यार्थी जीवन की पहली महत्वपूर्ण परीक्षा बताते हुए अभाविप के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रिंस कुमार सिंह ने कहा कि यह परीक्षा आगे की शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करती है। हर परीक्षा व्यक्ति को कुछ न कुछ नया सिखाती है, जिसका आगे के जीवन और शिक्षा में विशेष महत्व होता है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में सफल और असफल दोनों ही छात्र-छात्राएं अपने अनुभवों से सीख लेकर आगे की पढ़ाई को सकारात्मक दिशा दें। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान का उपयोग देश और समाज के विकास में करें।
प्रिंस कुमार सिंह ने मैट्रिक परीक्षा में उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता और असफलता जीवन के महत्वपूर्ण हिस्से हैं, जो व्यक्ति को मजबूत और परिपक्व बनाते हैं। इसलिए हर परिस्थिति में सकारात्मक सोच बनाए रखना और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहना जरूरी है।
अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने शैक्षणिक जीवन में उत्कृष्टता बनाए रखें, समय का सदुपयोग करें और अपने ज्ञान व कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्रनिर्माता हैं, इसलिए शिक्षा के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाकर एक समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।











