Location: Meral
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर किया राष्ट्रनायक को नमन, मंडल अध्यक्ष ने किया संकल्प को याद
मेराल। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिवस के रूप में मनाया। मेराल उत्तरी एवं दक्षिणी मंडल के बूथ संख्या 60 पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी भारतीय जनसंघ के प्रथम अध्यक्ष होने के साथ-साथ एक महान राष्ट्रभक्त थे। उन्होंने अगस्त 1952 में जम्मू की विशाल रैली में देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा था कि “मैं भारतीय संविधान और उद्देश्य की पूर्ति के लिए अपना जीवन बलिदान कर दूंगा।”
रुपु महतो ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने हमेशा धारा 370 का विरोध किया और स्पष्ट कहा कि “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे।” उन्होंने गांधीजी और कांग्रेस की नीतियों का भी मुखर विरोध किया।
कार्यक्रम में दक्षिणी मंडल महामंत्री अमित कुमार साह, रोहित कुमार, वीरेंद्र चौधरी, धनंजय चौधरी, रघुवीर साव और सुधांशु शेखर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का माहौल श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा।














