Location: Manjhiaon
मझिआंव प्रखंड क्षेत्र के सोनपुरवा गांव स्थित झपही टोला निवासी युवा समाजसेवी सह अहमद ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड के कॉन्ट्रैक्टर मो. इशहाक अहमद एवं मो. याकूब अहमद के आवास पर पवित्र रमजान माह के अवसर पर सोमवार शाम भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों से हजारों की संख्या में गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी और राजनीतिक लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर पहुंचे, जिनका आयोजकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मो. याकूब अहमद के पुत्र जैद अहमद के पहले जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी गई और उनके दीर्घायु होने की कामना की गई।
पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि रमजान का पवित्र महीना त्याग और संयम का प्रतीक है। इस दौरान रोजेदार न सिर्फ रोजा रखते हैं, बल्कि अपने परिवार और देश की सलामती के लिए दुआ भी करते हैं।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय सदस्य जवाहर पासवान, जिला अध्यक्ष शंभू राम, तनवीर आलम, फरीद खान, मंजर खान, फूजैल खान और जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इफ्तार के समय सभी रोजेदारों ने एक साथ रोजा खोला और देश में अमन, चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ मांगी। इसके बाद सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
आयोजक मो. अहमद ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य सभी समुदायों और दलों के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करना है।
इस अवसर पर कामत मदरसा के हेड मौलवी कारी सफीर अहमद, दाऊद, छोटू सहित आसपास के कई गांवों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।











