Location: Meral
गढ़वा (झारखंड):
मेराल थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंकलवानी गांव के पास गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में लूना पर सवार पिता-पुत्र में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गढ़वा थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी सुरेंद्र मेहता (उम्र लगभग 40 वर्ष) अपने पुत्र के साथ साग-सब्जी लेकर अपनी बेटी के घर मेराल नेनुआ मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंकलवानी गांव के पास हाईवे पर एक तेज़ रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी लूना को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेंद्र मेहता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया। वहीं घायल पुत्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक सुरेंद्र मेहता एमजीसीपीएल कंपनी, अंकलवानी में नाइट गार्ड के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पिकअप वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।











