Location: Manjhiaon
मझिआंव, प्रतिनिधि: बरडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम सूखनदी स्थित जंगल में मंगलवार को पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब बनाने के कई ठिकानों को ध्वस्त करते हुए लगभग 800 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट कर दिया। इसके साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सभी उपकरणों को भी नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध शराब के कारोबारी मौके से फरार हो गए, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में किसी भी हालत में अवैध महुआ शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार लगातार जांच और छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।