Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर: बंशीधर नगर महिला थाना पुलिस ने फरार अभियुक्त के विरुद्ध कार्रवाई तेज करते हुए प्राथमिकी के आरोपी के घर इश्तेहार चस्पा किया। पुलिस टीम ने धुरकी थाना क्षेत्र के खाला गांव निवासी ताजुद्दीन अंसारी (पिता- सरफुद्दीन अंसारी) के घर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
महिला थाना प्रभारी रूक्मिणी कुमारी एवं सहायक अवर निरीक्षक गीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। डुगडुगी बजवाकर स्थानीय लोगों को सूचना दी गई और धुरकी थाना के गश्ती दल के सहयोग से अभियुक्त के घर की दीवार पर इश्तेहार चस्पा किया गया।
पुलिस के अनुसार, ताजुद्दीन अंसारी कांड संख्या 05/2026 का प्राथमिक अभियुक्त है और पिछले दो माह से अधिक समय से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ दुष्कर्म, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज है। न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट पहले ही जारी किया जा चुका है।
अपराह्न करीब तीन बजे पुलिस टीम ने विधि-सम्मत कार्रवाई पूरी करते हुए इश्तेहार चस्पा किया और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने अभियुक्त को जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।











