Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): बरडीहा प्रखंड के दो पंचायतों में ज्ञान केंद्र (पुस्तकालय) के लिए सामग्री खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर जांच की गई। इस मामले में जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश ने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की थी।
आवेदन में आरोप लगाया गया था कि पंचायत स्तरीय ज्ञान केंद्र के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई राशि के बावजूद निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। संबंधित मुखिया और पंचायत सचिव पर आरोप है कि उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सामग्री की खरीद नहीं कर खराब सामग्री की खरीद की और आपसी मिलीभगत से सरकारी राशि का दुरुपयोग किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर पर जांच टीम गठित की गई थी। उपायुक्त के निर्देशानुसार बुधवार को बरडीहा प्रखंड के ओबरा पंचायत एवं जतरो-बंजारी पंचायत में पुस्तकालय सामग्री खरीद की जांच की गई। जांच का नेतृत्व डीपीआरओ परमेश कुशवाहा ने किया।
इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जांच पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजी जाएगी। वहीं, बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार ने बताया कि वे फिलहाल बाहर हैं, इसलिए विस्तृत जानकारी देने में असमर्थ हैं।











