Location: Garhwa
“खेल से शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है” – प्रशांत मिंज
गढ़वा। पेफी झारखंड चैप्टर एवं जिला प्रशासन के निर्देशन में जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में गढ़वा खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप के दूसरे दिन गुरुवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय फुटबॉल स्टेडियम में किया जा रहा है।
दिन के पहले मुकाबले में कौटिल्य पब्लिक स्कूल को विपक्षी टीम के मैदान पर उपस्थित नहीं होने के कारण वॉकओवर देकर विजयी घोषित किया गया।
दूसरा मुकाबला डीएवी मॉडल स्कूल और सरस्वती इंग्लिश पब्लिक स्कूल, दलको के बीच खेला गया। मैच के दौरान तकनीकी समिति ने पाया कि सरस्वती इंग्लिश पब्लिक स्कूल की टीम में निर्धारित आयु वर्ग से अधिक उम्र के खिलाड़ी शामिल थे। प्रतियोगिता के नियमों के उल्लंघन के कारण तकनीकी समिति ने डीएवी मॉडल स्कूल को विजेता घोषित कर पूरे अंक प्रदान किए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज एवं जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर जिला कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज ने कहा कि खेल से खिलाड़ियों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। खेल व्यक्ति में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में अभिषेक द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी टीम में जिनाउद्दीन खान, धर्मराज भारती, आनंद यादव, रामाशंकर सिंह, संजय कुमार, कोच सोनी, विजय सिंह, शशि रंजन, सोनू एवं सुशील सहित अन्य खेल पदाधिकारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।











