Location: कांडी
लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह श्री राम कथा के तहत उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, रात्रि में रासलीला से भक्तिमय हुआ माहौल
कांडी प्रतिनिधि:
प्रखंड क्षेत्र के दरिदह गांव में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह संगीतमयी श्री राम कथा के अंतर्गत रविवार को भव्य जलयात्रा निकाली गई। जलयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य यजमान पप्पू सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी चंचल देवी ने सोन नदी से विधिपूर्वक जल भरकर यात्रा की शुरुआत की। श्रद्धालु जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ जलयात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संकट मोचन श्री हनुमान मंदिर परिसर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंची।
मंदिर परिसर में मुख्य पुजारी पंडित जयप्रकाश मिश्र द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत जल स्थापना कराई गई। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से अनुष्ठान में भाग लिया।
विद्वान पंडितों के सान्निध्य में यज्ञ अनुष्ठान विधिवत संपन्न हो रहा है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन पूजा-पाठ, हवन एवं संगीतमयी श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। वहीं रात्रि में रासलीला का भी विशेष आयोजन किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यज्ञ में भाग लेने और पुण्य के भागी बनने की अपील की है।











