
Location: Garhwa
गढ़वा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की गढ़वा जिला इकाई का पुनर्गठन कर दिया गया है। इस बार जिला कमिटी में सभी पदों पर नए और ऊर्जावान चेहरों को जगह दी गई है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने नव मनोनीत पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुनर्गठित जिला कमिटी में शंभु राम को अध्यक्ष, श्रवण सिंह खरवार को उपाध्यक्ष, शरीफ अंसारी को सचिव और चंदन जायसवाल को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। साथ ही, सभी प्रखंड एवं नगर पंचायत कमिटियों का भी पूर्व में पुनर्गठन किया जा चुका है।
शुक्रवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर जिला और प्रखंड स्तर के नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। श्री ठाकुर ने सभी को माला पहनाकर और बुके देकर बधाई दी।
इस अवसर पर श्री ठाकुर ने कहा, “नई कमिटी के सभी पदाधिकारी अनुभवी और उत्साही हैं। इनके नेतृत्व में पार्टी को नई ऊंचाईयों पर ले जाया जाएगा। ये कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में बांधकर संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं और सभी को अनुशासन का पालन करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करनी चाहिए।
कार्यक्रम में तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, जवाहर पासवान, अरविंद यादव, रेखा चौबे, शांति देवी, चंदा देवी, रेखा पाठक, आशीष अग्रवाल, सलीम जाफर समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।